फिरोजाबाद। एसएसपी अजय कुमार ने आदेश की अवहेलना पर नारखी थाना प्रभारी के साथ रजावली चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। नगला सिंघी के थाना प्रभारी केके तिवारी को नारखी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने मामले की जांच सीओ सिरसागंज इंदुप्रभा सिंह को सौंपी है।
विगत आठ दिसंबर को भारत बंद आंदोलन के मद्देनजर एसएसपी अजय कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना एवं सर्किल के किसान नेताओं को नजरबंद करने के निर्देश दिए थे। हालांकि नारखी थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं रजावली चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस पर एसएसपी अजय कुमार ने थाना प्रभारी नारखी विनोद कुमार एवं चौकी प्रभारी रजावली मुकेश कुमार को निलंबित कर दिया।
नगला सिंघी थाने में तैनात प्रभारी केके तिवारी को थाना नारखी का नया इंचार्ज बनाया है। वहीं रजावली चौकी पर उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह को भेजा है। थाना नगला सिंघी में अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। एसएसपी अजय कुमार ने कहा कि उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।