विदेशी ग्राहक चीन की बजाय फिरोजाबाद से साध रहे संपर्क
कांच निर्यात उद्यमियों को पिछले सालों की तुलना में अधिक आर्डर मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। चीन में कोरोना संक्रमण के कारण विदेशी ग्राहक चीन की बजाय फिरोजाबाद से संपर्क साध रहे हैं। यह संपर्क नोएडा में शुरू हुए भारतीय हस्तशिल्प एवं उपहार मेले के साथ ही सीधे भी साधा जा रहा है।
कारण कि कांच उत्पादों की गुणवत्ता और दर के मामले में चीन फिरोजाबाद के कांच निर्यातकों को कड़ी टक्कर देता आया है। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार का रुख फिरोजाबाद के कांच हस्तशिल्प की ओर है। स्थानीय कांच कारोबारियों की माने तो वर्तमान हालातों में फिरोजाबाद के कांच उद्योग को चीन की अपेक्षा यूरोप से भी खासे आर्डर मिलेंगे।
चीन और भारत में निर्मित कांच उत्पादों एवं अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की यूरोपियन देशों आस्ट्रेलिया, स्वीडन, फ्रांस और इंग्लैंड और चेकोस्लोवाकिया आदि देशों में खासी मांग रहती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तशिल्प एवं कांच उत्पादों के ग्राहक चीन में कोरोना के कारण वहां जाने से कतरा रहे हैं। स्थानीय कांच उद्योग जगत की मानें तो इसका फायदा फिरोजाबाद के कांच निर्यातकों व हस्तशिल्पियों को होगा। खास तौर पर विदेशों में आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले व्यापार मेलों में भी फिरोजाबाद के कांच व हस्तशिल्प उत्पादों की मांग बढे़गी।
1500 करोड़ के आर्डर बढ़ने की उम्मीद
फिरोजाबाद के कांच निर्यातकों को हर वर्ष विदेशी बाजारों से औसतन 300 करोड़ के आर्डर मिलते हैं। वर्तमान में चीन में कोरोना का प्रकोप है। इस कारण समय विदेशी ग्राहक खास तौर कांच व्यापारी चीन की जगह भारत की ओर रुख कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि इससे स्थानीय कांच निर्यातकों को 1500 सौ करोड़ से ज्यादा के आर्डर मिलेंगे।
- सरवर हुसैन कांच व हस्तशिल्प उत्पाद के निर्यातक
चीन में अभी भी कोरोना का प्रकोप है। ऐसे में के बाजारों से कांच व हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने वाले विदेशी ग्राहक इस बार हम से भी संपर्क कर रहे हैं। उम्मीद है कि फिरोजाबाद के कांच निर्यातकों को इस बार फायदा होने के साथ ही आर्डर भी ज्यादा मिलेंगे।
- मुकेश बंसल टोनी, चेयरमैन द एक्सपोर्ट एसोसिएशन