सड़क पर नहीं होगी जुमा अलविदा की नमाज
- पुलिस प्रशासन के साथ जामा मस्जिद कमेटी ने बैठक में हुआ निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद/जसराना। जुमा अलविदा की नमाज को लेकर एसपी सिटी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को अफसरों और जामा मस्जिद कमेटी की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार जुमा अलविदा की नमाज मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी। सड़कों पर नमाज नहीं होगी।
जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष सैयद शहजाद अली, सेक्रेट्री सूफी जमील नासिर अबरारी, कोषाध्यक्ष सैय्यद नवेद मुकर्रम ने कहा के सरकार की गाइडलाइन और सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि सड़क पर नमाज नहीं होगी। ऐसे में लोगों से अपील है कि सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए प्यार मोहब्बत और सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर नमाज अदा न करें। अपने मोहल्ले की मस्जिदों में ही नमाज अदा करें। एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने कहा सरकारी गाइडलाइन के तहत कोई भी धार्मिक कार्य सड़क पर नहीं होगा। इसमें आप सभी लोग सहयोग करें। अलविदा जुमा और ईद की नमाज प्यार मोहब्बत अमन भाई चारे सौहार्द के साथ अदा करें। बैठक में सीओ सिटी हरिमोहन सिंह,नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर,थाना प्रभारी दक्षिण रामेंद्र शुक्ला,उत्तर संजीव दुबे आदि मौजूद थे।
जसराना प्रतिनिधि के अनुसार, जसराना कोतवाली परिसर में एसडीएम नवनीत गोयल एवं सीओ विनय कुमार सिंह ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, ईओ एवं बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों के लिए सरकार ने निर्देश जारी किया है। लाउडस्पीकरों को उतारने का कार्य करें या फिर उसकी आवाज को नियंत्रित करने के साथ ही उसकी आवाज को परिसर तक ही सीमित रखी जाए। वहीं नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी अनूप राय से साफ-सफाई बनाए रखने एवं बिजली विभाग के जेई दिनेश चंद्र मिश्रा से विद्युत आपूर्ति को बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान हाफिज साजिद, सलीम, सतीश चंद्र शास्त्री, राजेश गुप्ता, भास्कर नाथ त्रिपाठी, सुनील यादव मौजूद रहे।
हमारी पहले भी प्रशासन एंव पुलिस अफसरों के साथ बैठक हो चुकी है। इसमें तय किया गया है कि सरकारी गाइडलाइन के तहत सुप्रीमकोर्ट के आदेश के मुताबिक सड़क पर नमाज नहीं होगी। जामा मस्जिद के अंदर ही अंदर जुमा अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। मेरी आवाम से अपील है कि मस्जिद ऊपर एवं नीचे भर जाने के बाद सड़क पर नमाज न पढ़े, अपने मोहल्ले की मस्जिदों में नमाज अदा करें।
सूफी जमील नासिर, सेक्रेट्री जामा मस्जिद फिरोजाबाद।
जुमा एवं ईद की नमाज शांति एवं सौहार्द के साथ अपनी क्षेत्रीय मस्जिदों में ही अदा करें। ईदगाह में आने वाले नमाजी कोशिश यह करें कि वह ईदगाह, गांधीपार्क, इस्लामियां इंटर कालेज के फील्ड में छतों व कालेजों के अंदर बैठकर नमाज अदा करें। सड़कों पर नमाज अदा न करें। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का सभी पालन करें।
- इसरार अहमद सचिव ईदगाह कमेटी फिरोजाबाद।
प्रशासन से चाक चौबंद व्यवस्थाओं की मांग
फिरोजाबाद। करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने जुमा अलविदा की नमाज पर बिजली एवं पानी की व्यवस्था सुचारु रखे जाने की मांग की। कहा, मस्जिदों के आस-पास साफ सफाई के साथ चूने का छिड़काव कराया जाए। खराब स्ट्रीट लाइट की ठीक कराने, चौराहों पर पुलिस फोर्स को तैनात करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर जामा मस्जिद के इमाम हबीबुर्रहमान,मौलाना अहमद अलीम,तारीख फारुकी मौजूद थे।
ईद की नमाज का वक्त मुकर्रर
ईदगाह 7.30 बजे
जामा मस्जिद 7.45 बजे
शाही मस्जिद 8.00 बजे
----------------------------
अफसरों ने दी नियमों की जानकारी, खुद हटा लिए लाउडस्पीकर
फिरोजाबाद। शुक्रवार को होने वाली जुमा अलविदा की नमाज से पूर्व बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर मनोज कुमार, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह,थाना प्रभारी उत्तर संजीव दुबे, थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण रामेंद्र शुक्ला, एलआईयू प्रभारी के साथ सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में जुमा की नमाज को लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सुप्रीमकोर्ट की गाइडलाइन व सरकार की नियमावली की जानकारी दी गई। इसके बाद सदर बाजार स्थित दो धार्मिक स्थलों से निर्धारित संख्या से अधिक लगे लाउडस्पीकरों को खुद ही वहां के संभ्रांत लोगों ने उतरवा दिया। टीम ने शहर के अन्य धार्मिक स्थलों का भी निरीक्षण किया। अफसरों ने कहा कि नियमानुसार नमाज अदा की जाएगी। जुमा अलविदा जुमा की नमाज को लेकर सभी तैयारी कर ली गईं हैं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार, धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों को इस हिसाब से लगाए, ताकि उसकी आवाज परिसर से बाहर न जाने पाए। प्रदेश सरकार ने इसका पालन कराने के निर्देश जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं।
किसी धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकरों को प्रशासन की ओर से नहीं हटवाया गया है। उनको सुप्रीमकोर्ट की गाइडलाइन की जानकारी एसडीएम सदर, सीओ सिटी के साथ जाकर दी गई है और उन्होंने खुद ही लाउडस्पीकरों को हटा दिया।
मुकेशचंद्र मिश्र एसपी सिटी फिरोजाबाद।