अपने समय से करीब 13 घंटे देरी से चल रही जयपुर-पटना एक्सप्रेस का इंजन भदान-कौरारा के मध्य फेल हो गया। ट्रेन सवा दो घंटा तक खड़ी रही। दूसरे इंजन से ट्रेन को धक्का देकर आगे बढ़ाया गया, इस बीच डाउन लाइन का रेल यातायात बाधित रहा।
जयपुर से पटना जा रही जयपुर-पटना एक्सप्रेस दोपहर करीब 2.35 बजे भदान - कौरारा स्टेशन के बीच चल रही थी कि इंजन में तकनीकी खराबी आ गयी। चालक ने मुख्य नियंत्रण कक्ष को इंजन का स्पीडोमीटर फेल होने की जानकारी दी। मुख्य नियंत्रण कक्ष ने पीछे जा रहीं ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया। नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर भदान पहुंची एक मालगाड़ी का इंजन मंगाया गया। इस इंजन से पुश करके ट्रेन को कौरारा स्टेशन ले जाया गया। वहां पर मालगाड़ी के इस इंजन को जयपुर-पटना एक्सप्रेस में लगाकर सायं करीब 4.50 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ गया।