किसानों की समस्याओं पर अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। इससे नाराज होकर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील का घेराव किया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ट्यूबवेल के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, किसानों को ओलावृष्टि का मुआवजा नहीं मिल रहा लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी डा. पंकज वर्मा को ज्ञापन देकर किसानों की समस्याओं के निराकण की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन भानु युवा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह के नेतृत्व में किसान तहसील पहुंचे। किसानों ने विगत तीन जून को भाकियू भानु के प्रदेश कार्यालय इमलिया-उम्मड़गढ़ पर हुए आंदोलन का हवाला देते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उस आंदोलन में फीरोजाबाद व एटा के जिलाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का वादा किया था, लेकिन किसानों की एक भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा नहीं मिला। खेतों को सिंचाई की आवश्यकता है लेकिन नलकूपों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। प्रदेश प्रभारी पवन ठाकुर ने कहा कि लेखपाल किसानों से खतौनी में नाम दर्ज करने के बदले पैसों की मांग करते हैं। समस्याओं का निस्तारण शीघ्र नहीं हुआ तो तीन फरवरी को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर महापंचायत बुलायी जाएगी। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय सचिव सतीश पाल सिंह, नरेंद्र यादव, राघवेंद्र, राहुल सिसोदिया, राघवेंद्र सिंह, यतेंद्र सिंह ठाकुर आदि थे।
फोटो-टूंडला तहसील में हंगामा करते भाकियू भानु के युवा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह व अन्य, उपजिलाधिकारी डा. पकंज वर्मा को ज्ञापन देते भाकियू भानु के पदाधिकारी