फिरोजाबाद। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने बुधवार को विकासखंड एका स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी एका मौके पर उपस्थित रहे, जबकि कार्यालय में कार्यरत परिचारक विकास और नकुल बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को दोनों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि ब्लॉक संसाधन कार्यालय पर नाम पट्टिका अंकित नहीं थी। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिली और भवन पर पेंट की हालत भी खराब पाई गई। इसके साथ ही केंद्र पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव भी सामने आया। शैक्षिक कार्यों की समीक्षा के दौरान मध्यान्ह भोजन योजना, शून्य गरीबी अभियान, छात्र विवरण संकलन तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण सत्यापन की प्रगति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित कर्मचारियों को कार्यों में लापरवाही को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। बीएसए आशीष पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी को दो दिवस के भीतर सभी लंबित कार्यों में संतोषजनक प्रगति कराते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।