शिकोहाबाद। बिजली सही करते समय तीन मार्च को खंभे से गिरे लाइनमैन की बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने फीडर पर शव रखकर हंगामा किया। विभागीय अधिकारियों के मुआवजा देने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
नौशहरा निवासी रोहन सिंह (42) माधौगंज फीडर पर संविदा पर लाइनमैन था। तीन मार्च को नहर के पास खंभे पर काम करते समय अचानक गिर गया। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए पहले आगरा और फिर जयपुर ले गये। वहां से घर ले आए।
बृहस्पतिवार को उसकी अचानक मौत हो गई। इससे परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने नौशेहरा फीडर पर शव रख कर मुआवजे की मांग की। जानकारी होने पर विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित की पत्नी को आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए थाना पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रोहन सिंह की मौत के बाद उसके तीन बच्चे दिव्यांशु (9), छवि (6) और एकता ढाई साल के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। वहीं लवली देवी के कंधों पर तीन बच्चों का पालन पोषण करने के साथ ही उनकी पढ़ाई लिखाई के साथ शादी संबंधों की जिम्मेदारी भी आ गई है।