फिरोजाबाद। थाना टूंडला के ग्राम उसायनी निवासी बंदी गुलशन, जो चोरी के आरोप में अक्तूबर 2023 से जिला कारागार में बंद है, ने रविवार रात अचानक फिनायल पीने का दावा कर जेल प्रशासन में खलबली मचा दी। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे तत्काल सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसे एहतियात के तौर पर कड़ी निगरानी में रखा गया।
सोमवार दोपहर तक स्थिति सामान्य होने और चिकित्सकों की जांच रिपोर्ट में फिनायल पीने की पुष्टि न होने पर उसे वापस जेल भेज दिया गया। जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने स्पष्ट किया कि बंदी ने केवल फिनायल पीने का बहाना बनाया था, उसकी सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। संवाद