शिकोहाबाद। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता की मां ने इस घटना की शिकायत एसएसपी से की थी। पुलिस ने पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला शंकरपुरी निवासी महेश चन्द्र ने बेटी वर्षा का विवाह तीन वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के ही गिहार कॉलोनी निवासी गोलू उर्फ सागर से किया था। आरोप है कि शादी के बाद अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता को पति गोलू उर्फ सागर, ननद ज्योति, ननदोई साहब सिंह निवासी सिरसागंज, जेठ आकाश, जिठानी रजनी प्रताड़ित करते थे। 5 जून को ससुरालीजनों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही मांग पूरी न होने पर विवाहिता के पति की दूसरी शादी कराने की धमकी दी। विवाहिता की मां राजवती देवी ने एसएसपी से शिकायती की थी। जिनके आदेशों के बाद थाना शिकोहाबाद में पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
20 लीटर अवैध शराब समेत युवक को पकड़ा
शिकोहाबाद। थाना पुलिस ने गिहार कॉलोनी के समीप से एक युवक को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बेचते हुए पकड़ा है। जिसने पुलिस को अपना नाम आकाश उर्फ सुरेन्द्र निवासी गिहार कॉलोनी बताया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। संवाद