फिरोजाबाद। एलपीजी सिलिंडरों का ई-केवाईसी (सत्यापन) नहीं कराने पर उपभोक्ताओं को घरेलू सिलिंडर भी कमर्शियल सिलिंडर के मूल्य पर मिलेगा।
वर्तमान समय में 14.2 किलो का घरेलू सिलिंडर 957 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 19 किलो का कमर्शियल सिलिंडर 2950 रुपये में मिल रहा है। इस हिसाब से घरेलू एलपीजी की दर 67.29 रुपये प्रति किलो पड़ती है, जबकि कमर्शियल एलपीजी की दर 155.26 रुपये प्रति किलो है। इसलिए यदि 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो घरेलू सिलिंडर के उपभोक्ताओं को प्रति किलो एलपीजी के लिए 87.97 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ सकते हैं।
जिलापूर्ति अधिकारी स्वीटी कुमारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि सरकार ने राशन कार्ड धारकों की तर्ज पर ही एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए भी ई-केवाईसी अनिवार्य की है। यह प्रक्रिया पिछले वर्ष से चल रही है, लेकिन इसकी रफ्तार काफी सुस्त रही। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस वितरण एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा गैस वितरण कंपनियों के मोबाइल एप से भी घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं।