शिकोहाबाद (फि रोजाबाद)। मक्खनपुर के रसूलपुर गांव में वायरल और डेंगू ने अपने पैर पसार लिए हैं। गांव में रहने वाले ग्रामीणों में से अधिकांश लोग वायरल और डेंगू की चपेट में हैं। कई लोगों का प्राइवेट अस्पतालों में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि डेंगू की चपेट में आने के कारण गांव का भोला (25) पुत्र भूरी सिंह की मंगलवार को मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में टीम भेजने और दवा वितरण कराए जाने की मांग की है।
नगर से दस किलोमीटर दूर स्थित गांव रसूलपुर में कई दिनों से वायरल बुखार का प्रकोप है। वायरल के साथ ही जब ग्रामीणों ने अपनी ब्लड की जांच कराई तो उसमें डेंगू के लक्षण बताए गए। ग्रामीणों को डेंगू की जानकारी होते ही गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार को गांव का युवक भोला (22) की डेंगू के कारण मौत हो गई। वहीं, गांव में कई लोग चपेट में हैं।
जिनमें अमर सिंह, अनिल बाबू, वंदना देवी, रामचरन सहित लगभग 50 लोग बीमार हैं। ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि गांव में टीम भेज कर पीड़ित लोगों की जांच कराई जाए और गांव में कैंप लगवा कर दवा वितरण कराई जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके दीक्षित ने बताया कि वायरल चल रहा है। डेंगू के लक्षण नहीं मिल रहे हैं। गांव में टीम भेज कर दवा वितरण कराई जाएगी।