मृतक मयंक का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
- फोटो : मृतक मयंक का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। थाना खैरगढ़ के ग्राम श्यावरी में शनिवार को मां के पीछे-पीछे खेत की ओर गए चार वर्षीय मासूम मयंक का खेलते समय पैर फिसल गया और वह सिरसा नदी के गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मयंक आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था और दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था।
ग्राम श्यावरी निवासी मजदूरी करने वाले चंद्रपाल की पत्नी गुड्डी देवी शनिवार सुबह करीब 11 बजे पशुओं के लिए चारा लेने खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान उनका 4 वर्षीय छोटा बेटा मयंक भी मां के पीछे-पीछे आ गया। खेत के पास सिरसा नदी के किनारे मयंक खेलने लगा, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में समा गया।
इसी दौरान पड़ोस की एक महिला ओमलता रील बनाते हुए नदी की ओर पहुंची। बच्चे को डूबता देख ओमलता ने शोर मचा दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अपने छोटे भाई को डूबता देख मयंक के बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह असफल रहा। बाद में परिजन और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद मयंक को नदी से बाहर निकाला। परिजन मासूम को जीवित होने की आस में सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल बृजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। कागजी कार्रवाई के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही मासूम के शव को घर ले गए।