फिरोजाबाद। दिवाली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी की। शिकोहाबाद में बिना लाइसेंस चल रहे सरसों के तेल के गोदाम से करीब दो हजार लीटर तेल सीज किया गया। इसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। वहीं आसफाबाद स्थित मिठाई कारखाने में 24 किलो मिठाई नष्ट कराई गई। विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के सात नमूने भी लिए।
शिकोहाबाद के एटा चौराहा स्थित तेल गोदाम पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची तो संचालक रामप्रकाश गोदाम में ताला लगाकर फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंदन पांडेय मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजेश शुक्ला भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में गोदाम का ताला खुलवाकर जांच की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों से सरसों के तेल के तीन नमूने लिए। गोदाम में भंडारित करीब दो हजार लीटर तेल सीज कर दिया गया। जांच में कारोबारी के पास खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
आसफाबाद स्थित अनिल कुमार के मिठाई निर्माण कारखाने पर छापेमारी के दौरान बेसन, बूंदी और लड्डू के तीन नमूने लिए गए। साथ ही करीब 24 किलो मिठाई, जिसकी कीमत पांच हजार रुपये बताई गई है, मौके पर नष्ट कराई गई। गाजीपुर-मटसेना रोड स्थित नदान स्वीट हाउस का भी निरीक्षण किया गया। यहां से बर्फी का एक नमूना लिया गया। इस तरह विभाग की टीमों ने कुल सात नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी