फोटो 2 फिल्म यादव जी की लव स्टोरी का विरोध करते विश्व यादव परिषद के पदाधिकारी। स्रोतः स्वयं
फिरोजाबाद। आगामी 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर विवाद गहरा गया है। विश्व यादव परिषद ने फिल्म में यादव समाज को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राहुल यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि इस फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री में यादव समुदाय को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है। इससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में भारी रोष है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल यादव ने प्रशासन को आगाह किया है कि यदि बिना गहन जांच के फिल्म का प्रदर्शन किया जाता है, तो इससे सामाजिक वैमनस्य और तनाव उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने विभिन्न समुदायों के बीच शांति भंग होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल आशंका जताई है। विश्व यादव परिषद ने मांग की है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए। जांच पूरी होने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए।