फोटो27मृतका भावना पचौरी फाइल फोटो। परिजन स्रोत
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड स्थित न्यू कामायनी हॉस्पिटल में मंगलवार तड़के प्रसव के बाद एक 26 वर्षीय महिला और उसकी नवजात बच्ची की दुखद मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया है।
गांव महीपुरा, नारखी निवासी योगेंद्र पचौरी ने बताया कि उनकी बहू भावना पचौरी (26) पत्नी आकाश को सोमवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर ओम कॉलोनी स्थित न्यू कामायनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने प्रसव कराया जिसमें बहू ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के बाद भावना की हालत बिगड़ने लगी। परिजन का आरोप है कि अस्पताल में उस समय उचित व्यवस्था नहीं थी और गंभीर स्थिति के बावजूद उन्हें तुरंत आगरा रेफर नहीं किया गया। काफी देर बाद जब उन्हें आगरा ले जाया गया, तो वहां चिकित्सकों ने भावना को मृत घोषित कर दिया।
आक्रोशित परिजनों ने भावना के शव के साथ वापस न्यू कामायनी अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतका भावना का मायका रायपुर (बरेली) में है और उसकी शादी एक जून 2025 को हुई थी। इस गंभीर घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर प्रसव के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं और डॉक्टरों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।