फिरोजाबाद। आगामी दीपोत्सव, शादी-सहालग और क्रिसमस त्योहार को लेकर उत्पादन में जुटे फिरोजाबाद के विश्वप्रसिद्ध कांच व चूड़ी उद्योग को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। कांच इकाइयों में इस्तेमाल होने वाली नेचुरल गैस (एपीएम) की कीमतों में अब तक की सबसे बड़ी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गेल गैस लिमिटेड ने कांच इकाइयों को सितंबर माह के द्वितीय पखवाड़े के बिल 51.35 रुपये प्रति घनमीटर की दर से जारी किए हैं, जिसमें सीधे 5.67 रुपये प्रति घनमीटर का इजाफा हुआ है।
कांच उद्यमी बिन्नी मित्तल के अनुसार, इकाइयों में इस्तेमाल होने वाली गैस के दाम बीते जुलाई माह से लगातार बढ़ रहे हैं। जुलाई में जो नेचुरल गैस 35.38 रुपये प्रति घनमीटर की दर से उपलब्ध हो रही थी, वह अब बढ़कर 51.35 रुपये तक पहुंच चुकी है। महज तीन महीनों में लगभग 16 रुपये प्रति घनमीटर की इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने पॉट भट्ठी, कांच चूड़ी और हस्तशिल्प इकाइयों के गणित को बिगाड़ कर रख दिया है।