फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के बौद्याश्रम रोड के एक सीमेंट कारोबारी को शातिर महिला ने खुद को एसआरके डिग्री कॉलेज की शिक्षिका बताकर 52 हजार रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी महिला ने एक तरफ कारोबारी को झांसे में लेकर 150 बोरी सीमेंट शिकोहाबाद स्थित निर्माणाधीन साइट पर उतरवा लिया। वहीं, दूसरी तरफ खुद को सीमेंट कंपनी की प्रतिनिधि बताकर साइट के ठेकेदार से 100 बोरी सीमेंट का 34 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर थाना उत्तर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बौद्याश्रम रोड चौराहा निवासी पीड़ित निखिल शिवहरे ने बताया कि उनकी घर पर ही शिवहरे ट्रेडर्स के नाम से सीमेंट की एजेंसी है। 28 सितंबर को उनके पिता के पास एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने खुद को एसआरके डिग्री कॉलेज की शिक्षिका बताते हुए 150 बोरी सीमेंट खरीदने की बात कही। 30 सितंबर को महिला ने दोबारा फोन कर एक परिचित के निधन का बहाना बनाया और शिकोहाबाद स्थित साइट पर 150 बोरी सीमेंट भेजने को कहा। महिला ने 500 रुपये ऑनलाइन एडवांस भेजकर भरोसा जीता और बाकी रकम सीमेंट उतरने पर देने की बात कही।
उसकी बातों में आकर 150 बोरी सीमेंट शिकोहाबाद भिजवा दिया। जब वहां सीमेंट उतरने के बाद ठेकेदार से भुगतान मांगा गया, तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। ठेकेदार ने बताया कि उसके पास अल्ट्राटेक कंपनी की एक महिला प्रतिनिधि का फोन आया था, जिसने 100 बोरी सीमेंट 34 हजार रुपये में देने का सौदा तय किया था। ठेकेदार ने 34 हजार रुपये (तीन किस्तों में 28 हजार, 4 हजार और 2 हजार) महिला के खाते में ऑनलाइन डाल दिए थे।