फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज में 2 सीटी स्कैन मशीनें और 16 से ज्यादा एक्स-रे मशीनें उपलब्ध हैं। इसके बावजूद सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच एमआरआई जांच की सुविधा 5 साल बाद भी मरीजों को नहीं मिल सकी है। 200 शैया अस्पताल में एमआरआई यूनिट बनाने के बावजूद अब तक मशीन स्थापित नहीं हो पाई है। ऐसे में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को एमआरआई जांच कराने के लिए निजी सेंटरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जहां एक जांच के लिए 6 से 8 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन लगाने की योजना कई वर्ष पहले स्वीकृत हो चुकी है। इसके लिए 200 शैया अस्पताल में यूनिट भी तैयार कराई गई थी। उम्मीद थी कि मशीन लगने के बाद मरीजों को कम खर्च पर जांच की सुविधा मिल सकेगी, लेकिन 5 साल बीतने के बाद भी यह इंतजार खत्म नहीं हुआ।
शासन की टीमें आईं, आश्वासन मिला, पर नहीं लगी मशीन
एमआरआई मशीन स्थापित कराने को लेकर शासन स्तर से कई बार टीमें मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी हैं। हर बार मशीन जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। नतीजतन, यूनिट तैयार होने के बाद भी मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
मशीन शासन स्तर से ही आनी है। कुछ दिन पूर्व यूनिट का निरीक्षण करने के लिए लखनऊ से अधिकारी आए थे। जल्द ही मशीन स्थापित हो जाएगी। - डॉ. योगेश गोयल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज