शिकोहाबादफोटो-202-मृतक प्रशांत जैन का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
शिकोहाबाद। पिछले 13 दिनों से लापता चल रहे मुस्तफाबाद सड़क निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार दोपहर एटा सड़क स्थित रोटी बैंक के पास एक नाले में पड़ा मिला। परिजन ने युवक की हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट मिलने का इंतजार है।
एटा चौराहा निवासी प्रशांत जैन 23 जनवरी की शाम घर से बड़ा बाजार में सामान वितरित करने की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर प्रशांत की पत्नी पिंकी जैन ने शिकोहाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच के दौरान एटा सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों में प्रशांत पैदल जाता हुआ दिखाई दिया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि उसका मोबाइल टॉवर लोकेशन के पास ही आकर बंद हो गया था।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे राहगीरों ने नाले में एक शव उतराता देखा, जिसकी पहचान बाद में प्रशांत जैन के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के पास से उसका मोबाइल और कुछ नकदी बरामद की है। परिजनों का कहना है कि प्रशांत की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, उसे साजिश के तहत मारकर नाले में फेंका गया है।