फोटो03ट्रामा सेंटर में बिजली गुल होने के बाद मोबाइल की रोशनी में पर्चे पर दवा लिखती महिला स
फिरोजाबाद। सरकारी ट्राॅमा सेंटर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब पौने दो बजे बिजली गुल हो गई, जिससे ट्राॅमा सेंटर लगभग 15 मिनट तक अंधेरे में डूब गया। वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण डॉक्टरों और स्टाफ को मोबाइल की रोशनी में मरीजों का परीक्षण करना पड़ा और पर्चे पर दवाएं लिखनी पड़ीं।
बिजली आपूर्ति ठप होते ही पर्चा काउंटर पर मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। बिजली न मिलने से एक्सरे मशीन भी बंद हो गई, जिससे जांच कराने आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जनरल और आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी, जो उमस भरी गर्मी में तपते रहे। तीमारदार हाथ के पंखे, कपड़े और दवा के पर्चों से मरीजों को हवा करते रहे।
वीडियो बनने के बाद आनन-फानन में चला जनरेटर
अंधेरे में इलाज का वीडियो तीमारदारों द्वारा बनाए जाने की भनक मिलते ही स्टाफ कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जनरेटर चालू कराकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर मरीजों को राहत मिली।