फोटो 35 सांती रोड पर 20 हजार वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करता बुलडोजर। स्रोतः प्रा
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के एई पर भाजपा नेता की ओर से लगाए आरोपों के बाद विभाग ने प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रशांत नागर के नेतृत्व में टीम ने सांती रोड स्थित 6-लेन फ्लाई ओवर के पास एक अवैध कॉलोनी को मलबे में तब्दील कर दिया। करीब 20 हजार वर्ग मीटर में बिना किसी स्वीकृति के की जा रही इस प्लॉटिंग पर शासन का डंडा चलते ही भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि सांती रोड निवासी महेश चंद्र और भूपेंद्र सिंह की ओर से 6-लेन फ्लाई ओवर के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना अनुज्ञा प्राप्त किए लगभग 20 हजार वर्ग मीटर भूखंड पर प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। अवैध रूप से आरसीसी गेट भी डाल दिया था। इसके विरुद्ध प्राधिकरण में वाद दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपाध्यक्ष ने 26 फरवरी 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए थे। इसके अनुपालन में भारी पुलिस बल और प्राधिकरण के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान सहायक अभियंता अकरामुद्दीन, राकेश कुमार तोमर, अवर अभियंता प्रदीप कुमार, धनेश कुमार, बेअन्त सिंह सहित प्राधिकरण का समस्त स्टाफ और पुलिस बल मुस्तैद रहा।