किराने की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जला
- टूंडला के गांव गढ़ी निर्भय में रात्रि के दौरान हुई घटना, शॉर्ट सर्किट से बताई जा रही लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। बृहस्पतिवार रात्रि किराने की दुकान में भीषण आग लग गई। आग में लाखों रुपये का किराने का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगने के पीछे शॉट सर्किट होना बताया जा रहा है।
थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव गढ़ी निर्भय निवासी आदेश कुमार की गांव के सत्यप्रकाश मार्केट में आदेश किराना स्टोर नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार रात तीन बजे करीब अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान से आग की लपटे उठने एवं सामान के जलने से हो रहीं आवाजों पर आसपास के लोग जाग गए। ग्रामीणों के शोरगुल से आदेश व उसके परिजन वहां दौड़े। ग्रामीणों ने बाल्टी आदि के अलावा सबमर्सिबल चलाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, किंतु आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
ग्रामीण फायर ब्रिगेड का टोल फ्री नंबर लगाते रहे, किंतु रिसीव नहीं हुआ। इस बीच सूचना पाकर पुलिस डायल 112 वहां पहुंच गई। करीब चार बजे टूंडला फायर स्टेशन को सूचना मिली। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक पूरी दुकान का सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान स्वामी आदेश कुमार ने बताया कि दुकान में करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।