किसानों ने तहसील में दिया धरना, प्रवेश द्वार पर लगाया ताला
जसराना। भारतीय किसान यूनियन किसान के पदाधिकारियों ने किसानों एवं महिलाओं के साथ तहसील में धरना प्रदर्शन किया। किसी भी अधिकारी के ज्ञापन न लेने आने पर गुस्साएं किसानों ने तहसील के प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया। इसके बाद तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर ज्ञापन लिया।
भारतीय किसान यूनियन किसान के पदाधिकारियों ने युवा जिलाध्यक्ष बिरजू यादव के नेतृत्व में तहसील में धरना दिया। उन्होंने कहा कि फसल का उचित दाम न मिलने पर किसान कर्जदार होता जा रहा है। किसानों के कर्ज माफ किए जाएं। ट्यूबवेलों पर लगाए जा रहे मीटरों को रोका जाए। सड़कों एवं खेतों में घूम रहे गोवंश की व्यवस्था की जाए। इस दौरान किसानों ने कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की। काफी समय बाद भी किसी अधिकारी के ज्ञापन न लेने आने पर गुस्साएं पदाधिकारियों ने तहसील के प्रवेश द्वार पर तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी। इस दौरान आधा घंटा से भी अधिक समय तक तहसील में ताला पड़ा रहा।
सूचना पर कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया भी मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह टाइगर, जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव बॉबी, प्रदेश प्रवक्ता ओपी यादव, विराट यादव, हरेंद्र यादव, राहुल यादव, मोनू यादव, रमेश चंद्र मौजूद रहे।