फिरोजाबाद। खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर जा रहे किसान को ट्रांसफार्मर के समीप लगे अर्थ के तार से करंट लग गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव निवरी सिंगमई निवासी राजकुमार (35) रविवार रात पशुओं के लिए खेत से हरा चारा लेकर पैदल घर जा रहा था। गांव के बाहर लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा था तभी ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया। इससे वह हड़बड़ा गया और समीप लगे अर्थ के तार से टकरा गया। अर्थ के तार में करंट आने से वह चिपक गया और मौके पर ही मौत हो गई। राजकुमार के घर न लौटने पर परिजन ने खोजबीन की तो वह ट्रांसफार्मर के समीप मृत अवस्था में पड़ा मिला। राजकुमार के शव को देख काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सिरसागंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के साथ जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर आए राजकुमार के चचेरे भाई वीरपाल ने बताया कि राजकुमार मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार का कहना है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।