फिरोजाबाद के रसूलपुर थाना क्षेत्र के शांति नगर में शनिवार देर शाम एक घर में चल रहे मेंहदी कार्यक्रम के बीच हाईटेंशन लाइन में तेज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हो गया। हादसे में छत पर झालर लटका रहे दो युवक और एक बालक झुलस गया। जबकि 220 किलोवोल्ट लाइन का करंट दौड़ने से 15 घरों के बिजली मीटर फुंक गए और घरेलू उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घायलों की हालत सामान्य है।
शांति नगर निवासी सुभाषचंद्र सविता ने बताया कि उनके घर में रविवार को बेटे अंकुश के लगुन-सगाई का कार्यक्रम आयोजित होना है और शनिवार शाम घर में मेहंदी की रस्म चल रही थी। छत पर उनका 26 वर्षीय बेटा विकास, 20 वर्षीय भतीजा धर्मेंद्र और 12 वर्षीय पौत्र अभी झालर लटका रहे थे।
सोफीपुर से आसफाबाद बिजली घर तक 220 किलोवाट की पावर ग्रिड लाइन गुजरती है, जिसके नीचे शांति नगर में कई मकान बने हैं। छत पर काम के दौरान चिड़िया के घोंसले से तारों के झुंड में आग लग गई और हाईटेंशन लाइन में तेज धमाका हो गया। 220 किलोवोल्ट लाइन का करंट करीब 15 घरों में दौड़ गया, जिससे घरों के बिजली के मीटर जल गए और कई घरों में विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा। छत पर मौजूद विकास, धर्मेंद्र और बालक सभी झुलस गए, जबकि छत पर बनी दीवार में दरार आ गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए।