फिरोजाबाद। कौशल विकास मिशन योजना के तहत जिले में युवाओं के हित में संचालित विभिन्न रोजगार परक ट्रेडों में प्रशिक्षण देने के लिए अधिकृत प्रशिक्षण प्रदाता कंपनियों का काम जिले में ठीक नहीं हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अधिकृत कंपनियों की ओर से 2078 युवाओं को प्रशिक्षण देने के सापेक्ष महज 374 युवाओं को ही विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया है। सीडीओ की समीक्षा बैठक में यह स्थिति उजागर हुई।
मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने गत दिवस विकास भवन सभागार में कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में रोजगार परक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाली कंपनियों की समीक्षा की। इस दौरान प्रशिक्षण को अधिकृत 11 कंपनियों के प्रतिनिधि बैठक में बगैर सूचना अनुपस्थित रहे। बिंदुवार समीक्षा के दौरान सीडीओ को प्रशिक्षण प्रदाता कंपनियों की लापरवाही नजर आई। जिले में 2078 युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण संबंधी लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक कुल 374 युवाओं को ही प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। सीडीओ ने जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन को संबंधित कंपनियों से संपर्क स्थापित कर युवाओं को प्रशिक्षित करने संबंधी लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम में तेजी के निर्देश दिए। सीडीओ प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने के लिए तिथि वार रोस्टर जारी किया है।