सिरसागंज। सिरसागंज में देर रात भाजपा, सपा और बसपा के प्रत्याशी एक साथ जनसंपर्क के लिए मेन रोड पर पहुंचे और नारेबाजी की। इस बीच पुलिस ने सभी की वीडियो रिकार्डिंग कर ली। सभी के खिलाफ बिना परमीशन के जुलूस निकालने और आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सिरसागंज में देर रात करीब 11 बजे मेन रोड पर भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव, सपा प्रत्याशी सर्वेश यादव और बसपा प्रत्याशी पंकज मिश्रा अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क के लिए पहुंच गए। हरिओम यादव माता गली में जोर-शोर से प्रचार कर रहे थे। उनके साथ वाहनों का लंबा काफिला भी था। वहीं, सर्वेश यादव बीच की सराय में थे, उनके साथ भी गाड़ियों का रेला था। पंकज मिश्रा मेन रोड पर जनसंपर्क कर रहे थे। लेकिन जहां इनकी गाड़ियों से मेन रोड जाम हो गया। पुलिस ने सभी के काफिले की वीडियो रिकार्डिंग करते हुऐ भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव, सपा प्रत्याशी सर्वेश यादव और बसपा प्रत्याशी पंकज मिश्रा और उनके समर्थकों के विरुद्ध बिना अनुमति के जुलूस निकालने और सड़क जाम कर आचार संहिता उल्लंघन का अभियोग पंजीकृत किया है।