फिरोजाबाद। ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। नवजात शिशुओं को यह मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहा है। इस मौसम में सबसे ज्यादा बच्चे बीमार हो रहे हैं। आलम यह है कि मेडिकल कॉलेज स्थित सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) वार्ड फुल हो गया है। चिकित्सक इस समय जन्म लेने वाले नवजात के सेहत का विशेष ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं।
तापमान में लगातार गिरावट महसूस हो रही है। दोपहर में हल्की धूप निकल रही है। शाम होते फिर ठंडक बढ़ जाती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंडक के मौसम में बीमार बच्चों की संख्या बढ़ गई है। बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर भारी संख्या में अभिभावक जुटे। सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में इस समय वार्ड फुल हो गए हैं।
अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता ने बताया कि इस मौसम में जन्म लेने वाले बच्चों को ठंडक से बचाने का विशेष इंतजाम करना चाहिए। नवजात को ऐसे कमरे में सुलाए जहां, बाहर का हवा सीधे प्रवेश न कर सके। कमरे को ब्लोअर आदि से गर्म रख सकते है। जिस कमरे में नवजात रहे वहां अंगीठी आदि न जलाए। क्योंकि अंगीठी से निकलने वाला धुआं नवजात के सेहत पर बुरा प्रभाव डालेगा। नवजात को ठंड लगने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती हैं।