रफ़रोजाबाद ! दुकानों पर सजे ड्राई फूड के गिफ्ट आइटम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दो वर्ष बाद दिवाली पर इस बार बाजार में रौनक है। त्योहार के नजदीक आने के साथ ही उपहार और मिठाइयों का आदान-प्रदान शुरू हो गया है। दीपावली पर गिफ्ट देने के लिए इस बार लोग मिठाई की जगह ड्राई फ्रूट्स ज्यादा पसंद कर रहे हैं। मिलावट और हाईजीन के चलते लोगों ने दिवाली से पहले ही ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक की बुकिंग करा ली है। इस बार दिवाली पर चार करोड़ रुपये के ड्राई फ्रूट्स और उपहारों की बिक्री का अनुमान है।
ड्राई फूट्स कारोबारी और गिफ्ट हैंपर कारोबारी अजय गुप्ता बताते हैं कि गिफ्ट पैक की मांग काफी बेहतर है। मीडियम पैक की सबसे ज्यादा बुकिंग है। पिछले वर्ष से ड्राई फ्रूट्स पैक की मांग करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ी है। जिले में दीपावली के त्योहार पर करीब चार करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
व्यापारी अमित जैन ने बताया कि लोगों की जरूरतों के हिसाब से बाजार में 250 से लेकर तीन हजार रुपये तक के ड्राई फ्रूट्स के पैक मौजूद हैं। पैकेट के दाम के मुताबिक ड्राई फ्रूट्स की मात्रा और प्रकार बढ़ाए जाते हैं। इसके साथ ही लोग अपनी पसंद के मुताबिक मेवे पसंद कर उसे पैक करा सकते हैं। पटाखों के आकार की चॉकलेट की भी जमकर बिक्री हो रही है।
उपहार देने के लिए स्पेशल पेकिंग
आमतौर पर दिवाली पर इष्टमित्रों को देने के लिए लोग अलग-अलग मिठाइयों का डब्बा तैयार करवाते हैं। कचहरी चौक स्थित गणगौर स्वीट्स ने मिठाइयों का गिफ्ट हैंपर बनाया है। इस कॉम्बो पैक में मिठाइयों के साथ चाकलेट, माउथ फ्रेशनर, दिवाली का दीया, जूस, चिप्स सहित 15 आइटम हैं।