- अरांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत कंथरी के सभागार में जिलाधिकारी रमेशरंजन ने ग्राम प्रधानों से वार्ता की
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के लक्ष्य को लेकर ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद अरांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत कंथरी के सभागार में जिलाधिकारी रमेशरंजन ने ग्राम प्रधानों से वार्ता की।
डीएम ने ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा 2047 तक विकसित राष्ट्र और प्रदेश के जो संकल्प लिए गए हैं, उनके संबंध में अपने सुझाव और विचार साझा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतें इस अभियान की आधारशिला हैं और ग्राम प्रधानों की भागीदारी के बिना यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर गांवों में साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था कराई जाए। नवरात्र, दशहरा, विजयदशमी और दीपावली के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर गांवों को स्वच्छ बनाया जाए। जलभराव वाले स्थानों की भी समय से सफाई कराई जाए, ताकि बीमारियों की रोकथाम हो सके। दुर्गा पंडालों के आसपास भी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अपने कार्यकाल के शेष समय में ग्राम प्रधान गांवों की दशा और दिशा बदलने के लिए संकल्प के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम विकास की बुनियाद गांवों में ही रखी जाती है, इसलिए सभी ग्राम प्रधान मिशन 2047 को अपने गांवों में सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
कार्यक्रम में सीडीओ शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे।