फिरोजाबाद। स्कूल संचालक अब फीस लेने में ज्यादा झोल नहीं कर पाएंगे। कोरोना काल में शासन ने फीस वृद्धि पर रोक लगाई है। ऐसे में किसी अभिभावक से ज्यादा फीस वसूल न की जाएगी। इसलिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों के लिए फीस समेत सभी जानकारियों को स्कूल की वेबसाइट पर अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों को सभी जानकारी वेबसाइट पर एक माह में अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
अभिभावक और स्कूलों के बीच सिस्टम को पारदर्शी बनान के लिए सीबीएसई ने वेबसाइट पर जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। यदि निर्देश के बाद भी स्कूल जानकारी अपलोड नहीं करते हैं तो स्कूलों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावक और स्कूलों के बीच पारदर्शिता बनीं रहे, इसलिए शासन ने स्कूलों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई बोर्ड ने सर्कुलर जारी कर दिया है।
दिनेश शर्मा, जिला समन्वयक
यह डाटा करना होगा अपलोड
स्कूल व प्रधानाचार्य का नाम, शैक्षणिक योग्यता, संबद्धता नंबर, स्कूल कोड, पिन कोड सहित पता, ईमेल, फोन नंबर, मान्यता प्रमाण पत्र, भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र, स्कूल फीस का प्रारूप, वार्षिक एकेडमिक कैंलेडर, स्कूल प्रबंधक समिति की सूची। तीन सालों का परीक्षाफल, स्कूल निरीक्षण के यू-ट्यूब वीडियो का लिंक भी अपलोड करना होगा।