फिरोजाबाद। चूड़ी कारोबारी पर जानलेवा हमला कर बदमाश करीब 55 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। पीड़ित को पुलिस उपचार के लिए देर रात जिला अस्पताल लेकर आई। यहां उसकी चोट का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। पीड़ित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता बताया गया है।
रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कोठी नवीगंज निवासी शानू पुत्र अब्दुल कदीर का चूड़ी छपाई का कारोबार है। रविवार शाम करीब सात बजे वह तकादा करके स्कूटर से घर जा रहा था। उत्तर थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर क्लब चौराहा के पास दो बाइक पर चार बदमाश वहां पहुंचे और शानू का स्कूटर रोक लिया। शानू कुछ समझ पाता तब तक बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया और उसके पास रखी करीब 55 हजार की नकदी लूटकर ले गए। बदमाश उसकी वैशाखी को भी साथ ले गए। शानू विकलांग है।
लूट की सूचना शानू ने फोन से परिजनों को दी। मौके पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शानू को लेकर थाने आए और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए तहरीर दी। कोतवाल उत्तर अनूप कुमार भारतीय का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बदमाशों की तलाश की जा रही है।