रेल लाइन के किनारे मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
टूंडला। सुबह घर से निकले युवक का शव रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। परिजन युवक की हत्या कर शव को रेलवे लाइन किनारे फेंकने का आरोप लगा रहे हैं।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव लालबेग अकबरपुर निवासी सौरव (20) रविवार सुबह छह बजे घर से निकला था। परिजन ने उसके खेतों पर या गांव में ही होने पर ध्यान नहीं दिया। जब वह शाम तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। परिजन ने उसकी गांव में तलाश की तथा उसके यार दोस्तों से जानकारी की, किंतु उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे तभी देररात सौरव का शव हिरनगांव रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन के किनारे पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन वहां पहुंच गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन का आरोप है कि सौरभ की हत्या कर शव को रेलवे लाइन किनारे फेंका गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद