फिरोजाबाद। सुहागनगरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होली पर्व के तहत मार्च माह में लिए खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट आ गई है। 12 खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट में पांच नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। इनमें केमिकल की मिलावट पाई गई है। शेष सात नमूनों की रिपोर्ट भी फेल आई है। खाद्य विभाग विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सांती रोड़ पर स्वामीचरन की दुकान से सरसों के तेल का नमूना लिया था। इसमें केमिकल पाया गया। पवन कुमार सोफीपुर की दुकान से लिया सॉस भी नकली निकला। इसे खतरनाक रंग की मिलावट पाई गई। मटसेना में विश्वनाथ से लिया रंगीन कचरी, मोहम्मदाबाद में देशराज सिंह से मिर्च पाउडर की रिपोर्ट भी असुरक्षित पाई गई है। कोहिनूर रोड दीदामई में दिलशाद अहमद से लिया सरसों का तेल अद्योमानक घोषित किया है। किशन राठौर ट्रेडर्स से संकलित किया मसाला पापड़ की पैकिंग पर निर्माता की पूरी जानकारी न अंकित करने पर मिथ्याछाप घोषित किया है। मां शारदा देवी ट्रेडर्स से लिया तिल के तेल, अमन ट्रेडिंग कंपनी से लिया सरसों का तेल, खैरगढ़ में गुंजन कुमार की दुकान से सरसों का तेल, वर्धमान मिल्क डेयरी जयपुर के वाहन से लिया छेना मिठाई, माता वाली गली सुहागनगर में कृष्ण कुमार अग्रवाल से लिया पोहा की रिपोर्ट भी फेल आई है। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। यह अभियान नियमित चलेगा। ग्राहक भी जागरुक होकर सामान की खरीदारी करें।