युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल पर बैठे परिजन
फीरोजाबाद की कांच फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मजदूर का शव राजा के ताल के निकट देशी शराब के ठेके पास पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव दारापुर निवासी सुनील कुमार पुत्र स्व. कंचनलाल का भाई विनोद कुमार शर्मा फीरोजाबाद के थाना दक्षिण अंतर्गत मोहल्ला महावीर नगर, गली नंबर-चार में रहता था। वह फीरोजाबाद स्थित एक कांच फैक्ट्री में काम करता था। वह प्रतिदिन की भांति शनिवार को घर से फैक्ट्री में काम करने गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी देर होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह उसका शव थाना टूंडला क्षेत्र के राजा का ताल स्थित मास्टर ढाबे के पास ठेका देशी शराब के निकट पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि परिजनों के मुताबिक मृतक विनोद शराब का आदी थी। संभवत: अत्यधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई है।