हत्या के बाद जानकारी देते परिवारीजन
पचोखरा थाना क्षेत्र के गांव नगला हिम्मत में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद युवक ने खुद को गोली मार ली। दंपति की मौत से परिवारीजनों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव नगला गाज निवासी शिशुपाल शर्मा (45) पत्नी गुड्डी देवी (40) के साथ थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला हिम्मत निवासी अपने बहनोई मुन्नालाल के यहां पर पिछले आठ वर्ष से रह रहा था। वहीं पर उसने मकान भी बनवा लिया था। जबकि उसका बड़ा भाई राजेंद्र उर्फ राजू गांव नगला गाज में परिवार के साथ निवास करता है। भाई राजू ने बताया कि शिशुपाल मानसिक रूप से बीमार था। उसका लंबे अर्से से आगरा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
शिशुपाल पत्नी गुड्डी देवी के साथ गुरुवार रात मुन्नालाल के मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि बहन और बहनोई अपने बच्चों के साथ नीचे की मंजिल पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे गोली चलने की आवाज सुनकर बहनोई जाग गए। उन्होंने शिशुपाल को आवाज लगाई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह परिवारीजनों के साथ वह ऊपर की मंजिल पर गए तो कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी देने के साथ पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर लोगों की चीख निकल गई। दंपति के शव खून से लथपथ पड़े थे।
सूचना पर एसपी सिटी संजीव वाजपेयी के साथ सीओ टूंडला व कोतवाल टूंडला आ गए। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेज दिया।
शिशुपाल के नहीं थी संतान
राजेंद्र उर्फ राजू ने बताया कि शिशुपाल का विवाह करीब 20 वर्ष पूर्व हुआ था। उसके कोई संतान नहीं थी। इसलिए भी वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।
तमंचा के साथ मिला एक कारतूस
पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा और एक कारतूस का खोखा बरामद किया है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि यदि युवक ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की तो दूसरे कारतूस का खोखा कहां गया।