दीपू की मौत के बाद नारेबाजी करते संविदाकर्मी।
संविदा पर लाइनमैन दीपू की मौत पर शनिवार को साथियों ने आवास विकास कालोनी स्थित बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। साथ ही उन्होंने दीपू के परिवारीजनों को ठेकेदार से मुआवजे दिलाने की मांग उठाई।
बिजली कार्यालय पर पहुंचे संविदाकर्मियों ने अपने साथी प्रणवीर सिंह उर्फ दीपू की लाइन पर कार्य करते समय करंट लगने से हुई मौत पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद संविदाकर्मियों ने संबंधित ठेकदार के विरुद्ध आश्रितों को आर्थिक सहायता न देने पर आक्रोश व्यक्त किया। संविदाकर्मियों को प्लास व रबर के दस्ताने व सेफ्टी किट देनेे, हर संविदाकर्मी का बीमा दर्शाने, परिचय-पत्र देने, हर संविदाकर्मी को पीएफ देने के साथ ही उनकी अन्य मांगों को पूरा किया जाये। संविदाकर्मियों ने बताया कि हरीसिंह की मौत हुई थी उन्हें भी ठेकेदार ने कोई आर्थिक सहायता नहीं दी थी। इसी प्रकार ब्रजेश ,लल्ला व पुरुषोत्तम शर्मा के एलटी लाइन पर कार्य करते समय फाल्ट होने से ये लोग घायल हो गये थे लेकिन उन्हें कोई आर्थिक मदद नहीं मिली थी। उन्होंने शीघ्र ही दीपू के आश्रितों को आर्थिक सहायता नहीं देेने पर हड़ताल की चेतावनी दी है।
भाई ने दर्ज कराई मामले की रिपोर्ट
दीपू के भाई कमलेश बाबू निवासी ग्राम निजामपुर गढ़ूमा थाना शिकोहाबाद ने दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि उसका भाई दीपू एसडीओ और जेई के आदेशानुसार बिजली लाइन सही कर रहा था। इसी बीच करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और लाइन पर ही लटक गया। साथी बिजली संविदाकर्मियों ने उसे उतारा। आरोप है कि वह सभी के सामने चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि उसे बिजली विभाग के मुकुट सिंह ने मारने की कोशिश की है। आगरा के एक निजी चिकित्सालय में शुक्रवार की शाम 5 बजे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मुकुट सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।