भाजपा नेता के घर चोरी के मामले में पुलिस ने स्केच जारी किए।
भाजपा नेता के यहां चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। बदमाशाें तक पहुंचने के लिए पुलिस ने उनके स्केच जारी कर दिए हैं।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुंडावाला बाग निवासी अजय गुप्ता भाजपा में महानगर उपाध्यक्ष हैं। तीन फरवरी को उनकी पत्नी किसी कार्य से आगरा गई थीं, जबकि अजय गुप्ता बच्चों के साथ घर पर ही मौजूद थे। देर शाम बदमाश भाजपा नेता के घर में छिप कर बैठ गए थे। बाद में परिवारीजनों पर नशीला स्प्रे डालकर बदमाशों ने चोरी कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। इससे बदमाशों के चेहरों के बारे में तो जानकारी मिल गई लेकिन अभी तक वे पकड़े नहीं गए। ऐसे में पीड़ित भाजपा नेता द्वारा घटना के खुलासे के लिए आईजी और डीआईजी के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारियों के यहां घटना के खुलासे के लिए गुहार लगाई। तब कहीं जाकर दक्षिण पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों के स्केच जारी किए है। भाजपा नेता का कहना है कि जिस वक्त पुलिस ने बदमाशों को गैस सिलेंडर और बाइक ले जाते पकड़ा था। उस वक्त ही घटना को खुलासा हो जाता लेकिन बदमाशों को छोड़ दिया था।