सिरसागंज थाना क्षेत्र स्थित गांव सोथरा दरिगापुर में अलग-अलग स्थानों पर चाची और भतीजे के शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। काफी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिवारीजनों ने दोनों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। एसएसपी का कहना है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
घटनाक्रम सिरसागंज थाना क्षेत्र स्थित एक गांव का है। गांव के ही 22 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेत में बनी कच्ची कोठरी में पड़ा मिला था। जबकि उसकी 28 वर्षीय चाची का शव घर के अंदर कमरे में पड़ा था। दोनों के शवों को देख परिवारीजनों में कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना के संबंध में न तो परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी और न ही ग्रामीणों द्वारा। महिला का पति ट्रक का चालक है और गांव से बाहर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार का कहना है कि चाची और उसके भतीजे के शव मिलने की सूचना मंगलवार रात को मिली थी। सिरसागंज पुलिस को दरगापुर गांव में मौके पर भेजा गया था। जब तक परिवारीजनों ने दोनों के शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। दोनों लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या की थी।