कार सवार बदमाशों ने एक अधिवक्ता से 50 हजार रुपये लूट लिए। लूट के बाद कार सवार बदमाश मैनपुरी रोड पर शीतगृह के पास अधिवक्ता को फेंककर भाग गए। मामले में पीड़ित अधिवक्ता ने तहरीर दी है।
फीरोजाबाद के नगला करन सिंह निवासी अधिवक्ता केपी सिंह अपने मैनपुरी स्थित मकान की बिजली का बिल जमा करने मैनपुरी जा रहे थे। उनकी जेब में 50 हजार रुपये और बैग में 10 हजार रुपये रखे थे। वह मैनपुरी जाने के लिए प्राइवेट बस में सवार हो गए। प्रतापपुर चौराहे पर बस खराब होने पर वह बस से उतर गए। तभी चौराहे पर एक सिल्वर रंग की बिना नंबर की इनोवा आकर रुकी और उसके ड्राइवर ने मैनपुरी चलने की आवाज लगाई। गाड़ी में सवारी के रूप में पांच बदमाश पहले से बैठे थे। अधिवक्ता भी इनोवा में सवार हो गए। मैनपुरी रोड पर पहुंचने पर एक बदमाश अधिवक्ता की जेब से 50 हजार रुपये निकालने लगा। इस पर केपी सिंह ने विरोध किया तो बदमाश के अन्य साथियों ने अधिवक्ता को दबोच लिया और 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश उन्हें एक शीतगृह के समीप फेंककर फरार हो गए। हालांकि उनके बैग में रखे 10 हजार रुपये लुटने से बच गए।