फिरोजाबाद। जिले की पांच विधानसभा की मतगणना के लिए शिकोहाबाद मंडी प्रांगण के पांच पांडालों में अलग-अलग 70 गणना टेबिल लगाई जाएंगी। दो एआरओ टेबिल के साथ टेबुलेशन करने वाले स्टाफ की अलग से टेबिल लगेगी। बूथों के हिसाब से जसराना विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 34 राउंड में पूरी हो सकेगी।
विधानसभा चुनाव 2022 की दस मार्च को होने वाली मतगणना कराने की तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 14-14 गणना टेबलों के ही हिसाब से ईवीएम को निकालने की तैयारी की जा रही है। गणना टेबिल के हिसाब से ही राउंड की तैयारी कर ली गई है। जबकि खराब होने वाली ईवीएम की अलग से सूची तैयार की जा रही है ताकि मौके पर ही उक्त ईवीएम को निकालने के साथ गणना कराई जा सके।
प्रशासन की ओर से तैयार किए जा रहे गणना चार्ट पर नजर डालें तो जिले की जसराना विधानसभा में 471 बूथ होने के कारण यहां पर 34 राउंड में मतगणना का काम पूरा होगा। जबकि टूंडला विधानसभा में 461 एवं फिरोजाबाद विधानसभा में 459 बूथ होने के कारण यहां मतगणना के 33-33 राउंड चलेंगे। शिकोहाबाद विधान सभा में 407 बूूथ एवं सिरसागंज विधानसभा 397 बूथ होने के कारण इन दोनों विधानसभा में गणना के 29-29 राउंड होंगे। विधानसभा की गणना के हिसाब से ही कार्मिकों की तैनाती की जा रही है।