नए क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद बुधवार से प्रशासन और सख्त हो गया। करबला चौराह?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण के नए मामले सुहागनगरी में लगातार आ रहे हैं। पहले तो सिर्फ हॉटस्पॉट इलाकों से ही संक्रमित मरीज मिल रहे थे लेकिन अब नए इलाकों से संक्रमण के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग परेशान है। ऐसे में नए कोरोना संक्रमित क्षेत्रों में सख्ती बढ़ा दी गई हैं और गलियां सील कर दी गई हैं। इन इलाकों को सील कर सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। वहीं संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। टूंडला के गढ़ी निर्भय के साथ गांव कुम्हरान में मरीज मिल चुके हैं। इन क्षेत्रों का सैनिटाइज कराया गया है। वहीं, नगला उदी, इंद्रानगर, चौकी गेट के निकट मोहम्मदपुर क्षेत्र में भी संक्रमण पैर फैला चुका है। नेहरू नगर और न्यू रामगढ़ क्षेत्र के बाद मंगलवार शाम नई आबादी क्षेत्र के नेहरू नगर से भी कोरोना का मरीज मिला। जिले में लगातार नये क्षेत्रों से मिल रहे मरीज स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासन के लिए भी चिंता का सबब बन गए हैं।
नई टीमें बनानी पड़ रही हैं
फिरोजाबाद। नए इलाकों में मरीज मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग को इन इलाकों में मॉपिंग, सर्विलांस और सर्वे कार्य कराने के लिए नई टीमों का गठन करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग में पहले से ही चिकित्सकों की कमी है। ऐसे में अलग-अलग स्थानों के लिए मानव संसाधन जुटाना कठिन कार्य हो रहा है।
हॉटस्पॉट बनने की ओर बघेल कॉलोनी
फिरोजाबाद। पारस हॉस्पिटल के संपर्क में आए शिकोहाबाद की बघेल कॉलोनी के युवक के संक्रमित मिलने के बाद उसके संपर्क में आए दो युवकों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। बघेल कॉलोनी को पहले से ही सील किया जा चुका है लेकिन लगातार बढ़ रहे मरीजों के कारण बघेल कॉलोनी हॉटस्पॉट बनने की राह पर है। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार छह या उससे अधिक मरीज मिलने वाले इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया जाता है। मंगलवार शाम बघेल कॉलोनी के दो अन्य मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अन्य लोगों की सैंपलिंग शुरू कर दी है।
नेहरू नगर से नौ लोग क्वारंटीन
फिरोजाबाद। नेहरू नगर नई आबादी में 30 वर्षीय युवक के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार सुबह क्षेत्र में पहुंची। उन्होंने युवक के घर को सैनिटाइज कराया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के संपर्क में आए नौ लोगों को 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां पर सभी का सैंपल जांच के लिए भेजकर क्वारंटीन किया गया है।