फिरोजाबाद में बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव होने लगा। इसमें तीन लोग घायल हो गए।
फिरोजाबाद में बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान पथराव की घटना को अंजाम दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आई। यहां उनका डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है।
विज्ञापन
घटना दक्षिण थाना क्षेत्र के लालऊ गांव की है। गांव निवासी चुन्नीलाल करुआ के बीच बाइक टकराने को लेकर बीती रात विवाद हो गया था। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। रविवार सुबह दोनों पक्ष इसी विवाद को लेकर आमने सामने आ गए। लोग विवाद शांत कराते तब तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। सूचना पर दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले को शांत कराया।
इस बीच पथराव और मारपीट के दौरान ओजन और उसका पुत्र साजन तथा दूसरे पक्ष से चुन्नीलाल घायल हुए। इनको उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। थानाध्यक्ष दक्षिण राजेश पांडेय का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई है। विवाद बाइक टकराने को लेकर हुआ था। घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।