संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से हृदय रोग का इलाज कराकर लखनऊ लौट रहे कार सवार पांच लोग आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गए। नसीरपुर क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 54 के पास अचानक कार का अगला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया।
इस भीषण हादसे में कार में सवार अमित कुमार पांडे (44, निवासी सुभाष नगर, आलम नगर, लखनऊ), उनके मामा बृजेश कुमार मिश्रा (53, निवासी पंडित खेड़ा, कृष्णा नगर, लखनऊ), बृजेश के बेटे प्रथम मिश्रा (18), प्रथम के जीजा रवि (33, निवासी कृष्ण विहार कॉलोनी, रायबरेली रोड, लखनऊ) और रवि के ससुर राजेश कुमार मिश्रा (निवासी चमरौली, अजगैन, उन्नाव) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर यूपीडा और नसीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। नसीरपुर इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के अनुसार, हादसा टायर फटने के कारण हुआ है और सभी घायलों का उपचार जारी है।
फोटो-209-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद खड़ी क्षतिग्रस्त कार। स्रोत पुलिस