फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Board Exam: परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था दोस्त, चेकिंग देख भागने लगा, पकड़कर पुलिस को सौंपा

Tue, 21 Feb 2023 11:12 PM IST
भूपेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद

सार

फिरोजाबाद में गणित की परीक्षा में परीक्षार्थी की जगह उसका दोस्त परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक जांच करने के लिए आए तो वह भागने लगा। इस पर उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। 
 
विज्ञापन
परीक्षा देकर बाहर निकलती छात्राएं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के बीच हुई। हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा होने के कारण अधिक सतर्कता बरती गई। एक केंद्र पर दोस्त की जगह परीक्षा देने आए फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ लिया गया। सख्ती के कारण 4465 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सचलदल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी पूरी तरह सक्रिय रहे।

केंद्र व्यवस्थापक कमरा नंबर आठ में चेकिंग कर रहे थे

पहली पाली में सुबह हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा थी। मुख्य विषय की परीक्षा होने के कारण केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेट को ज्यादा सक्रिय रहने को कहा गया था। मनोज देवी शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज, खड़ेरिया हरदासपुर में केंद्र व्यवस्थापक विमलेश कुमार कमरा नंबर आठ में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान परीक्षा दे रहा एक परीक्षार्थी भागने लगा। 

विज्ञापन


परीक्षार्थी को पकड़ कर अभिलेखों की गहनता से जांच की गई। जांच में पाया कि धीरज कुमार के स्थान पर लवकुश परीक्षा दे रहा था। दोनों एक ही गांव के निवासी हैं और दोस्त हैं। केंद्र व्यवस्थापक ने फर्जी परीक्षार्थी लककुश को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद जिले में सतर्कता और बढ़ा दी गई।

राजकीय माध्यमिक विद्यालय के बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती रही

पहली पाली में हाईस्कूल गणित विषय में पंजीकृत 32098 के सापेक्ष 27633 परीक्षार्थी शामिल हुए। 4465 परीक्षार्थियों ने सख्ती के कारण किनारा कर लिया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही सहायता प्राप्त तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय के बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती रही।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रुम से परीक्षा की आनलाइन मानीटरिंग की जा रही थी। डीआईओएस निशा अस्थाना ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई। एक फर्जी परीक्षा को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। आगे की परीक्षाओं में और सख्ती बरती जाएगी।

कठिन सवाल में उलझे रहे परीक्षार्थी

मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के छात्रों ने गणित की परीक्षा दी। डीएवी कॉलेज से गणित की परीक्षा देकर बाहर निकल रहे हाई स्कूल के परीक्षार्थी सुमित कुमार का कहना था कि गणित का पेपर काफी कठिन था। 20 अंक के बहुविकल्पीय सभी प्रश्न को भी पूरा कर दिया। फिलहाल अच्छा अंक मिलने की उम्मीद है। दाऊदयाल कॉलेज की छात्रा राखी ने बताया कि पेपर कठिन लगा। जो प्रश्न सरल लगे, उन्हें पहले हल कर दिया।

देर तक जमा हो रही उत्तर-पुस्तिकाएं

उत्तरपुस्तिकाएं संकलन केंद्र में जमा करने पर लापरवाही हो रही है। परीक्षा खत्म होने के चार घंटे बाद तक जिले की उत्तरपुस्तिकाएं जमा नहीं हो रही हैं। मंगलवार को दोपहर 3.10 तक संकलन केंद्र पर उत्तर-पुस्तिकाओं को जमा करने के साथ अनुपस्थिति और उपस्थिति का हिसाब चलता रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें