फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंची प्रत्याशी

Sat, 21 Nov 2015 11:20 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला फीरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
तीसरे चरण में फीरोजाबाद व टूंडला ब्लाक में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शनिवार को प्रारंभ हो गई। नामांकन पत्र जमा करने वालों की भीड़ दोनों ब्लाकों पर पूरे दिन उमड़ती रही।
विज्ञापन

शाम को चार बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। कइयों को ब्लाक से बैरंग लौटने को विवश होना पड़ा। सदर ब्लाक पर एसडीएम सदर डा. पंकज वर्मा, सीओ सिटी राजेश चौधरी के अलावा आरओ एएलसी राजेश मिश्रा के साथ ही अन्य स्टाफ व्यवस्थाओं को संभाले हुए था। शाम को चार बजे तक नामांकन करने वालों की कतारें लगी ही रहीं। टूंडला ब्लाक में नामांकन के दौरान आरओ एकईएन नलकूप हरिद्वारी लाल, एसडीएम टूंडला व सीओ एसएस भारद्वाज सहित काफी पुलिस फोर्स मौजूद था। हाईवे के किनारे ब्लाक होने के कारण जाम की स्थिति रही।

नगला भाऊ चौराहा रहा जाम
नामांकन प्रक्रिया के संचालित होने के कारण सदर ब्लाक के बाहर नगला भाऊ चौराहा जाम रहा। एक साइड में प्रत्याशी समर्थकों की भीड़ लगी रही। वाहनों को रोड पर खड़ा करके नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे थे। यहां नाले के किनारे भी ग्रामीणों की भीड़ लगी दिखाई दी। इस भीड़ को पुलिस कर्मी बाहर ही रोक रहे थे। कोई ट्रैक्टर से तो कोई टाटा मैजिक एवं छोटे वाहनों से नामांकन को दाखिल करने पहुंचे।
विज्ञापन


गाड़ी से निकला धुंआ तो मचा हड़कंप
सदर ब्लाक के बाहर नाले के किनारे खड़ी एक गाड़ी में अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। धुआं उठते ही गाड़ी में बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। काफी भीड़ जमा हो गई। गेट खोल दिए। पड़ताल के बाद गाड़ी वहां से गई।

घूंघट डालकर पहुंची महिलाएं
प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने ब्लाक पर घूंघट की ओट में पहुंची। फरौल नगरिया निवासी लक्ष्मी देवी, सेंगरी से सदस्य का पर्चा भरने सुनीता देवी पहुंची। प्रत्येक न्याय पंचायत के काउंटर पर ऐसी महिलाओं की कतार लगी दिखी।

कहीं सास बहू तो कहीं बहनों में मुकाबला
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। सदर ब्लाक में नामांकन के दौरान अजीब नजारा देखने को मिला। जलालपुर ग्राम पंचायत से प्रधान पद के लिए मीरा देवी नामांकन दाखिल करने पहुंची वहीं उनकी बहू सीमा भी प्रधान पद की दावेदारी करती दिखाई दीं। बहू घूंघट की ओट में नामांकन पत्र को थामे खड़ी थीं। वहीं पहाड़पुर ग्राम पंचायत के प्रधान पद के लिए नगला उदी निवासी रंगति एवं उन्नति वर्मा ने एक दूसरे के खिलाफ नामांकन पत्र दाखिल किया है।

बीटेक उन्नति, पीएचडी रंगति ने भरा प्रधानी पद का पर्चा
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। प्रधानी के चुनाव को भले ही गांव का चुनाव कहा जाता हो लेकिन शिक्षित युवा वर्ग प्रधान पद को संभालने के लिए आगे आ रहे हैं। शनिवार को इसी तरह का नजारा सदर ब्लाक के प्रांगण में देखने को ही मिला। दिल्ली से एमएससी की पढ़ाई पूरी करके पीएचडी कर रही छात्रा रंगति वर्मा गुलाब की माला गले में पहने पिता सुपेंद्र सिंह के साथ प्रधानी के चुनाव को नामांकन पत्र जमा करने पहुंची तो हर किसी की नजर उसकी ओर ही गई। रंगति ने कहा कि पढ़ाई के साथ वह चाहती हैं कि गांव का विकास करें। अधूरे काम पूरे हों। युवाओं को नई सोच के साथ आगे बढ़ाएं। उनके साथ बड़ी बहन उन्नति वर्मा भी नामांकन करने पहुंची। बीटेक कर चुकीं उन्नति एमबीए की कर रहीं है। वह कहती हैं कि बड़ी-बड़ी कंपनियों में तो सभी काम करते हैं गांव की भी मैनेजमेंट व्यवस्था संभालकर विकास के पथ पर आगे ले जाएं तो ज्यादा अच्छा रहेगा। हमारा प्रयास होगा गांव की बेटियों के साथ युवाओं को नई दिशा प्रदान करें।

ड्यूटी कटवाने को बेटी, बेटे की शादी का कार्ड लेकर पहुंच कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। साहब हमारी बेटी की शादी है। पहले चरण की ड्यूटी कटवा दो, तीसरे चरण की हम ड्यूटी कर लेंगे। बेटी को विदा करेंगे उस दौरान तो घर में रहना ही पड़ेगा। यह लो शादी का कार्ड। कोई बेटी, बेटा की शादी का कार्ड तो कोई भतीजे व भतीजी की शादी का कार्ड लगा प्रार्थनापत्र लेकर एमजी कालेज में पहुंचा। अफसरों ने भी कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। कहा कि ड्यूटी काटने का फैसला तो उच्चाधिकारी लेंगे।
शनिवार से एमजी कालेज में कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया। प्रथम चरण का प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद अफसर जब बैठे तो उनके पास शादी के कार्डों का ढेर लगा दिखाई दिया। श्री संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य राम प्रकाश शास्त्री ने सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा को अपने बेटी की शादी का कार्ड लगाते हुए ड्यूटी काटने की अर्जी लगाई। शिक्षिका रन्नोदेवी तोमर ड्यूटी कटवाने के लिए बेटी की शादी का कार्ड लेकर एमजी कालेज में पहुंची। देश दीपक यादव ने ड्यूटी कटवाने के लिए बहन की शादी का कार्ड लगाया। उन्होंने कहा कि पिता के नहीं होने के कारण कामकाज उन्हें ही देखना होगा। शिक्षक रनवीर ने कहा कि वह दूसरी ड्यूटी करने में असमर्थ हैं क्योंकि भतीजी की शादी है। वहीं हाथवंत ब्लाक में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक के कारण बीमार हुए अमरेश कुमार यादव की फिर से चुनाव ड्यूटी लगा दी। उन्होंने भी मेडिकल लगा कर छुट्टी का प्रार्थनापत्र दिया है।

किसी कर्मचारी की ड्यूटी नहीं कटेगी। यदि वास्तव में किसी के घर शादी है तो उसकी पूरी पड़ताल कराने के बाद ही ड्यूटी को काटा जाएगा। जांच में शादी का कार्ड फर्जी मिला तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जेल भेजने की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

सुजीत कुमार, सीडीओ एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें