पहले केक काटने के लिए जाटव समाज के दो पक्ष भिड़े
मामला बढ़ता देखकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा विधायक बैरंग लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। केसरी गांव में आंबेडकर जयंती के अवसर पर केक काटने को लेकर जाटव समाज के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट और हंगामा हो गया। यह देखकर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिरसागंज से सपा विधायक सर्वेश यादव को बिना केक काटे ही बैरंग लौट गए।
नसीरपुर के गांव केसरी में जाटव समाज के लोगों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में देर रात केक काटने के लिए सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव को मुख्य अतिथि बनाया गया। गांव में जाटव समाज के दो पक्ष हैं। दोनों में केक पहले काटने को लेकर विधायक के सामने ही विवाद हो गया। मामला बढ़ता देख विधायक अपनी गाड़ी में बैठ कर वापस घर लौट गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। एसओ नसीरपुर गगन गौड़ ने बताया विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त
शिकोहाबाद। केसरी गांव में शुक्रवार सुबह किसी व्यक्ति ने पार्क में लगी बाबा आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी मिलते ही लोग नाराज हो उठे। सूचना पर सीओ सिरसागंज कमलेश कुमार, एसओ नसीरपुर गगन गौड़, एसो नगला खंगर तेजवीर सिंह और प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज शिव कुमार चौहान तथा तहसीलदार लालता प्रसाद, लेखपाल आदि मौके पर पहुंचे। एसओ नसीरपुर ने 30 मिनट में नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराकर मामला शांत करा दिया। सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब की प्रतिमा को खंडित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
13 पर केस दर्ज
शिकोहाबाद। केसरी में शुक्रवार देर रात केक काटने को लेकर हुए झगड़े में पुलिस ने गांव के चौकीदार रामरूप निवासी लखनपुरा की तहरीर पर पांच नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं प्रतिमा खंडित करने के मामले में भी चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष गगन गौड़ ने बताया कि केसरी गांव में बीती रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर केक काटने को लेकर गांव के ही दो पक्ष आपस में भिड़ गये। जिसमें दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। इस मामले में पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद किया है। इसमें प्रेमनरायण, प्रदीप, रक्षपाल, रवी और राघवेंद्र तथा आठ अज्ञात लोग शामिल हैं। एसओ ने बताया कि झगड़ा कर रहे लोगों में से तीन को गिरफ्तार किया है, जिसमें प्रेमनरायण, रवी और राघवेंद्र सिंह शामिल हैं। तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं दूसरी रिपोर्ट चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाबा साहब की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने एवं माहौल बिगाड़ने की सुसंगत धाराओं में दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।