फिरोजाबाद। तीन माह से बंदी की मार झेल रहे ईंट भट्ठा स्वामियों ने बंदी आदेश को समाप्त कराने की कवायद शुरू कर दी है। जिले में जुलाई 2021 से पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर बंद कराए गए 38 ईंट भट्ठा स्वामियों ने स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में अपने प्रत्यावेदन दाखिल किए हैं।
पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण हासिल किए बिना संचालित 38 ईंट भट्ठों को गत 16 जुलाई को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर बंद करा दिया गया था। लगभग तीन माह से बंदी की मार झेल रहे ईंट-भट्ठों के स्वामियों ने अब काम सुचारु कराने की पहल शुरू कर दी है।
20 ईंट भट्ठों के स्वामियों ने स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में अपने प्रत्यावेदन दाखिल कर दिए हैं। सभी की ओर से पीसीबी अफसरों को विभागीय शर्तों के साथ अनापत्ति प्रमाण जारी करने मांग की है।
-----
फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं-
ईंट भट्ठो को दोबारा चालू कराने की मांग कर रहे संचालकों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है सूत्रों के मुताबिक जिलाधिकारी की ओर से भट्ठों को बंद कराते समय राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को रिपोर्ट भेजी थी। ऐसे में ईंट भट्ठों को चालू कराने संबंधी निर्णय भी राज्य स्तरीय कमेटी के अनुमोदन के बाद संभव होगा।
----
20 संचालकों ने भट्ठा चालू कराने के लिए प्रत्यावेदन दाखिल किए हैं। हालांकि सभी 38 ईंट भट्ठे राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर बंद कराए गए थे। ऐसे में सभी के प्रत्यावेदन राज्य स्तरीय कमेटी को भेज दिए गए हैं।
डॉ. मनोज कुमार क्षेत्रीय अधिकारी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड