नारखी (फिरोजाबाद)। थाना नारखी क्षेत्र में बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने के लिए गया पांच वर्षीय बालक अचानक लापता हो गया।
जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन की सूचना पर पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई। आंगनबाड़ी केंद्र के पास बने तालाब में पुलिस ने कई घंटे तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे 15 घंटे बाद तालाब का पानी निकलवाया गया तो बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
गांव गांगनी निवासी गणेश प्रसाद का पांच वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार बुधवार सुबह 10 बजे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गया था।
11:15 बजे शौच लगने पर वह साथी बच्चों से कहकर गांव के बाहर तालाब किनारे चला गया। आशंका है कि इस दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया। दोपहर तीन बजे तक बालक के घर नहीं लौटने पर परिजन ने तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। देर शाम पुत्र के गायब होने की जानकारी गणेश ने थाने पर दी।
इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो बालक तालाब की तरफ जाते दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने तालाब में तलाश शुरू कराई। दो पंपिंग सेट से पानी निकलवाया गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:20 बजे अवनीश का शव बरामद किया गया। वह तीन भाई-बहनाें में सबसे छोटा था। पिता ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की लापरवाही से उनके बेटे की जान गई।
थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि बालक की तालाब में डूबने से मौत हुई है। परिजन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। मामले में कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। फिर भी जांच कराई जा रही है।