टूंडला। सिकरारी बंबा के पास एक व्यक्ति का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन व पुलिस के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था।
थाना पचोखरा के गांव नगला महादेव निवासी 45 वर्षीय सतपाल कुबेरपुर स्थित एक ढाबे पर काम करते थे। ढाबे से वह दो दिन पूर्व ही घर आए थे। बृहस्पतिवार सुबह 9:30 बजे करीब वहां से गुजर रहे ऑटो चालकों व राहगीरों ने उसका शव सिकरारी बंबा के पास पड़ा हुआ देखा। उन्होंने इसकी जानकारी सतपाल के परिजन व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया। परिजन के मुताबिक सतपाल की पत्नी की काफी समय पूर्व ही मौत हो चुकी है। उसका इकलौता बेटा बुआ के यहां रहता है। वह अकेला ही घर पर रहता था। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि सतपाल शराब पीने का आदी था। मौत का कारण अत्यधिक शराब का सेवन भी हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।